कैराना। कुख्यात मुकीम काला को आठ घंटे तक रिमांड पर लेकर पुलिस सिर्फ आठ हजार रुपये ही बरामद कर सकी। यह बरामदगी पशु व्यापारियों से 22 लाख की लूट के संदर्भ में है। कैराना पुलिस का मुकीम को रिमांड पर आठ घंटों में यह गुडवर्क है।
विगत 8 जुलाई 2014 को मेरठ के पशु व्यापारियों से कैराना-कांधला मार्ग पर ऊंचा गांव के पास बदमाशों ने 22 लाख रुपये लूट लिए थे। छानबीन में मुकीम काला गिरोह द्वारा वारदात करने की पुष्टि हुई थी। बीते माह 20 अक्तूबर को एसटीएफ और कैराना पुलिस ने मुकीम काला तथा साबिर जंधेड़ी को गिरफ्तार किया था।
बुधवार को कैराना पुलिस ने कोर्ट से अनुमति मिलने पर मुकीम काला को 8 घंटे की रिमांड पर लिया। बुधवार सुबह आठ बजे उसे मुजफ्फरनगर जेल से पुलिस अपने साथ लेकर कैराना क्षेत्र के गांव जहानपुरा पहुंची। वहां मुकीम के घर से पुलिस ने आठ हजार रुपये बरामद करने का दावा किया।
पुलिस का कहना है कि लूटे गए 22 लाख रुपये में अभी यही बरामदगी हो सकी है। पूछताछ में मुकीम ने बताया कि बाकी रकम गैंग के सदस्यों में बांट दी थी। रिमांड का समय पूरा होने पर अपराह्न करीब चार बजे पुलिस ने आरोपी मुकीम को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल पहुंचा दिया।
बाइक शोरूम लूटपाट में मुकीम से होगी पूछताछ
शामली। दिल्ली रोड पर बाइक शोरूम में लूटपाट के मामले में पुलिस ने मुकीम काला का वारंट बनवा लिया है। इसमें विवेचक जेल में मुकीम से पूछताछ करेगा। अगस्त 2014 में दिल्ली रोड पर मां अंबे बाइक शोरूम से बदमाशों ने तीन लाख रुपये तथा पल्सर बाइक लूट ली थी।
पुलिस जांच में वारदात मुकीम काला और उसके चार साथियों ने की थी। इसी मामले में बुधवार को उपनिरीक्षक सीपी कठेरिया ने कैराना स्थित एसीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी मुकीम काला के खिलाफ वारंट बनवाया। वारंट जारी होने पर अब मुकीम काला से जिला जेल पहुंचकर विवेचक पूछताछ करेगा। इसके बाद मुकीम को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जाएगी।
विवेचक के मुताबिक मुकीम काला को रिमांड पर लेकर पूछताछ करके बाइक शोरूम से लूटी गई बाइक और नकदी बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। 18 आपराधिक मामलों में मुकीम आरोपी है। बारी-बारी से सभी मामलों में मुकीम के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आईजी जोन और डीआईजी रेंज ने भी जिले के पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजकर कहा है कि आरोपी मुकीम काला के खिलाफ विचाराधीन सभी केसों में मजबूती से पैरवी करते हुए साक्ष्य जुटाए जाएं।