झिंझाना। ऊन रोड पर इवनिंग वॉक कर रहे इंटर कॉलेज के लिपिक और एक अधेड़ को नशे में धुत कार सवारों ने कुचल दिया। जिसमें लिपिक की मौत हो गई, जबकि अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद अनियंत्रित होकर कार बिजली के खंभे से टकरा गई। जिसमें कार सवार एक युवक भी चोटिल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार सवार युवकों को हिरासत में ले लेकर घायलों को अस्पताल में भिजवाया।
राष्ट्रीय शिक्षा सदन इंटर कॉलेज के लिपिक संजय मित्तल अपनी पत्नी आशु, जो प्राइमरी स्कूल में सहायक अध्यापक है, उसको साथ लेकर रोजाना की भांति ऊन रोड पर इवनिंग वॉक कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ कस्बे के कई अन्य महिलाएं और पुरुष भी थे।
तभी ऊन की ओर से तेज गति से आई स्विफ्ट कार ने मां काली के मंदिर के पास पहले हरि सिंह कश्यप रिटायर रोडवेज चालक को टक्कर मारी। उसके बाद अपनी पत्नी आशु के साथ वॉक कर रहे लिपिक संजय मित्तल को कुचल दिया। उनके साथ चलने वाले लोगों ने पास के तालाब में कूद कर अपनी जान बचाई। दुर्घटना में संजय मित्तल की मौत हो गई। उधर, घटना के बाद कार अनियंत्रित होकर पास के बिजली के खंभे से टकरा गई। जिसमें कार सवार युवक भी चोटिल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने भागने की कोशिश कर रहे तीनों युवकों को पकड़ लिया और घायल हरि सिंह को झिंझाना सीएचसी में भर्ती कराया। थाना प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि संजय मित्तल की मौत होने पर शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी जिला मुख्यालय भिजवाया गया है।
आरोपी तीनों युवक मनोज शर्मा निवासी सिक्का थाना आदर्श मंडी, रवि शर्मा व सेठपाल निवासी ऊंचा गांव थाना काधंला हैं। उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। तीनों युवक शराब के नशे में थे।