कैराना। पुलिस ने भूरा गांव के जंगल में मुठभेड़ के दौरान पांच हजार के इनामी बदमाश वासिल को दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से गोलियां चलीं।
पैर में गोली लगने से वासिल घायल हो गया। वहीं, एक सिपाही भी घायल हुआ है। पुलिस ने बताया कि वासिल डेढ़ साल पूर्व सहारनपुर पुलिस की कस्टडी से फरार वाजिद उर्फ काला का भाई है।
बुधवार शाम करीब छह बजे बाबरी थानाध्यक्ष संदीप बालियान अपनी टीम के साथ कैराना क्षेत्र के गांव भूरा के पास दबिश डालने आए थे। इसी दौरान कैराना कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार भी भूरा गांव की ओर गश्त पर जा रहे थे।
इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो बदमाश बाइक को छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गए। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर गया।
जिसको पुलिस ने दबोच लिया। जबकि उसका साथी फरार हो गया। बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में कांस्टेबल अमित भी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने घायल कांस्टेबल और बदमाश को सीएचसी पहुंचाया।
एसपी भी कैराना कोतवाली पहुंचे और जानकारी ली। अस्पताल से डाक्टरों ने घायल बदमाश को रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि पकड़ा गया वासिल कैराना क्षेत्र के गांव जंधेडी का रहने वाला है। उस पर पांच हजार रुपये इनाम घोषित है। वासिल के खिलाफ लूट, डकैती और रंगदारी के कई मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के दौरान मौके से एक पिस्टल, बाइक तथा कारतूस बरामद हुए हैं।