आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव टिटौली में खेत पर गए किसान की धारदार हथियार से हमला करके हत्या कर दी गई। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच प्रारंभ कर दी है।
गांव टिटौली निवासी करणपाल (60) पुत्र फूल सिंह बुधवार रात अपने खेत पर गया था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिवार के लोगों ने तलाश प्रारंभ कराई। इसके बाद खेत के पास ही ट्यूबवेल के निकट नाली में करणपाल का शव पड़ा मिला। करणपाल के सिर पर किसी धारदार हथियार से चोट के निशान थे। साथ ही गले पर भी चोट के निशान थे। इसके बाद सूचना मिलने पर आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। करणपाल का शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेज दिया। उधर, किसान करणपाल की हत्या होने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। बृहस्पतिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद करणपाल का शव घर ले जाया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। हत्याकांड में जमीन को लेकर रंजिश सहित कई बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। उधर, थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि करणपाल के बेटे अक्षय ने अज्ञात में आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। अभी हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्दी ही खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
बहला फुसलाकर युवती का अपहरण
शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव सिक्का से बुधवार रात एक युवती का बहला फुसलाकर अपहरण कर लिया गया। युवती के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के ही एक युवक और उसके दो साथियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।