शामली। कैराना क्षेत्र स्थित कंडेला इंडस्ट्रीज एरिया में टूटी लाइन जोड़ने गए संविदा कर्मी और उसका साथी करंट से गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया और अवर अभियंता पर आरोप लगाया।
गांव मन्ना माजरा निवासी सालिम पुत्र महबूब संविदा कर्मी है। शुक्रवार शाम करीब सात बजे वह कंडेला इंडस्ट्रीज एरिया में टूटी लाइन जोड़ने के लिए गया। इससे पूर्व उसने कंडेला बिजलीघर से शट डाउन भी लिया था। सालिम के साथ उसका साथी फारुख निवासी कैराना भी लाइन जुड़वाने मौके पर गया। जब दोनों युवक लाइन ठीक कर रहे थे, तभी बिजलीघर से किसी ने आपूर्ति चालू कर दी।
इस वजह से दोनों युवक जोरदार करंट लगने पर गंभीर रूप से झुलस गए। युवकों को शामली के प्राइवेट अस्पताल लाया गया। फारुख को उपचार के बाद घर भेज दिया, जबकि सालिम को गंभीर हालत के चलते भर्ती कर लिया गया। उधर, हादसे की सूचना मिलने पर मन्ना माजरा और कैराना के लोगों की भीड़ कंडेला बिजलीघर पर पहुंची।
अवर अभियंता को हादसे का जिम्मेदार बताते हुए हंगामा किया। पीड़ित युवकों के परिजनों को आर्थिक मुआवजा दिलाने की मांग की गई। सूचना पर कैराना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया।