शामली। दिल्ली से शामली आते समय ट्रेन में प्रधानाचार्य को घायल कर लूटपाट करने के मामले में जीआरपी ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। लूटी गई नकदी और पर्स के अलावा चाकू भी बरामद किया गया है। शहर के मोहल्ला काकानगर निवासी रॉय इब्राहिम बागपत के रमाला स्थित जय पार्वती पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्य हैं।
मंगलवार देर रात वह पैसेंजर ट्रेन से दिल्ली से शामली लौट रहे थे, तो कांधला और खंद्रावली के बीच तीन बदमाशों ने उनसे नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया था। बृहस्पतिवार को जीआरपी थानाध्यक्ष राकेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि प्रधानाचार्य से लूटपाट करने के मामले में आरोपी आरिफ गुर्जर पुत्र जहूर हसन को बलवा गुजरान रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के पास से चाकू के अलावा 750 रुपये और पर्स तथा आधार कार्ड बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी आरिफ शामली क्षेत्र के गांव बलवा गुजरान का रहने वाला है। इसके बाद प्रधानाचार्य को बुलाकर बरामद आधार कार्ड और पर्स दिखाया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि ट्रेन में प्रधानाचार्य से लूटपाट करने में उसके अलावा गांव बलवा गुजरान के ही कादिर पुत्र जमशेद और कासिम पुत्र अय्यूब भी साथ थे। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास चल रहा है।