शामली। कॉलेज प्रबंध समिति के विवाद की सुनवाई के लिए कलक्ट्रेट पहुंचे दो पक्षों में आरोप प्रत्यारोप के बाद मारपीट हो गई। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के शिक्षक का सिर फोड़ दिया।
गांव मुंडेट कला स्थित जय जवान जय किसान इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति को लेकर विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। एक पक्ष कार्यकारिणी का चुनाव कराना चाहता है, जबकि दूसरा पक्ष विरोध करता है। इसी सिलसिले में पूर्व में की गई शिकायतों के चलते बृहस्पतिवार को डिप्टी कलक्टर के यहां दोनों पक्ष मामले की सुनवाई के लिए पहुंचे।
एक पक्ष में राजवीर सिंह मुंडेट और शिक्षक कृष्णपाल निवासी डूंगर तथा दूसरे पक्ष से विनोद और कुलदीप पिंडौरा अपनी बात रख रहे थे। डिप्टी कलक्टर रामअवतार गुप्ता के कमरे में ही दोनों पक्षों में आरोप प्रत्यारोप होने लगे, जिसके चलते एक दूसरे का गिरेबान तक पकड़ लिया। तब मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग कर दिया।
राजवीर सिंह मुंडेट और शिक्षक कृष्णपाल डीएम कार्यालय के बाहर बेंच पर जाकर बैठ गए, जबकि कुलदीप पिंडौरा और उनका साथी कलक्ट्रेट परिसर से बाहर जाने लगे। फिर चंद मिनट बाद ही कुलदीप पुन: वहां पहुंचा और जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर बैठे शिक्षक कृष्णपाल से मारपीट कर दी।
मारपीट में शिक्षक कृष्णपाल का सिर फोड़ दिया गया। काफी देर बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी कुलदीप और उसका साथी मौके से चले गए। इसके बाद घायल शिक्षक कृष्णपाल ने एडीएम भरतजी पांडेय से मामले की शिकायत की और फिर आदर्श मंडी थाने पहुंचकर घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई।