शामली। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने गोमांस होने की सूचना पर एक ट्रक पकड़ लिया और हंगामा कर दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कोतवाली में ले आया।
सोमवार शाम बजरंग दल के लोगों को सूचना मिली कि मेरठ की ओर से ट्रक आ रहा है, जिसमें बुरी बदबू आ रही है, इसमें गोमांस है। सूचना पर बजरंग दल के लोग विवेक प्रेमी के नेतृत्व में मेरठ करनाल हाइवे पर पहुंचे और बाईपास तिराहे से आगे सिंभालका के पास ट्रक को रुकवा लिया।
ट्रक में गोमांस होने की सूचना पर हंगामा हो गया। जिसके बाद कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। ट्रक के ड्राइवर ने हिंदू संगठन के लोगों को बिल्टी दिखाई ओर बताया कि ट्रक में चमड़ा भरा हुआ है। उसी से बदबू आ रही है। यह माल उन्होंने हापुड़ से भरा है और वह इसको होशियारपुर पंजाब में लेकर जा रहे है।
हिंदू संगठन के लोगों ने इसकी सूचना कोतवाली प्रभारी अवनीश गौतम को दी। जिस पर उन्होंने पुलिसकर्मियों को ट्रक को चौकी पर भिजवाकर मामले की जांच करने के निर्देश दिए। इस दौरान हिमांशु शर्मा, विशाल निर्वाल, सन्नी, अरुण, गौरव आदि मौजूद रहे।