शामली एसटी चौक पर मिली वह कार जिससे नोट मिले।
- फोटो : शामली एसटी चौक पर मिली वह कार जिससे नोट मिले।
शामली। शामली की ओर से मुजफ्फरनगर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार से चेकिंग के दौरान 4,08500 रुपये की रकम पकड़ी गई। नोट कहां से लाए और कहां ले जाए जा रहे थे, इस बारे में कार सवार कोई जवाब नहीं दे सके। इसके बाद टीम ने नोटों को कोषागार में जमा करा दिया और आयकर विभाग को इसकी सूचना दे दी।
एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा के निर्देश पर विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले में कड़ी चेकिंग की जा रही है। बृहस्पतिवार सुबह थाना आदर्श मंडी पुलिस के साथ फ्लाइंग स्क्वायड टीम के प्रभारी मनोज कुमार राय, थाना प्रभारी साहब सिंह एसटी तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
इस दौरान टीम ने शामली की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार को रोक लिया। गाड़ी में आरिफ पुत्र बद्दू निवासी बाबरी अपने तीन अन्य साथियों के साथ था। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से नोटों की गड्डियां मिलीं। टीम ने नोटों की गिनती की तो कुल रकम 4,08500 रुपये थी। इनमें तीन लाख रुपये दो-दो हजार के नोट, करीब 30 हजार रुपये के पांच-पांच सौ की नई करेंसी और सौ, पचास के नोट भी थे।
पुलिस के अनुसार आरिफ और उसके साथी ने यह बताया कि वह पशु व्यापारी है और मुजफ्फरनगर जा रहे थे, लेकिन नोट कहां से लाए सहित अन्य सवालों का वह संतोष जनक जवाब नहीं दे सके तथा नोटों के संबंध में कोई पुख्ता प्रमाण नहीं दे सके। जिसके बाद पुलिस टीम और
फ्लाइंग स्क्वायड ने इसकी सूचना एसडीएम एमपी सिंह और सीओ सिटी उपेंद्र कुमार यादव को दी। अधिकारियों के निर्देश पर रकम को ट्रेजरी में जमा करा दिया गया। चेकिंग अभियान जारी रहेगा।