कांधला। बैंक से रुपये लेकर लौट रहे किसान को तमंचे से आतंकित कर दो युवकों ने नकदी लूट ली। शोर मचाने पर लोगों ने आरोपियों का पीछा किया, तो उनकी बाइक बुढ़ाना रोड पर कार से टकरा गई। इस दौरान एक आरोपी फरार हो गया, जबकि दूसरे को पकड़ लिया। उधर, आरोपी युवक को छुड़वाने के लिए कुछ राजनीतिक लोग पहुंचे और हंगामा किया। इस दौरान पुलिस से उनकी झड़प भी हुई।
बृहस्पतिवार दोपहर गांव किवाना निवासी वीरेंद्र कस्बा कांधला की रेलवे रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा से रुपये निकलवाने आया था। वीरेंद्र के अनुसार उसने बैंक से 20 हजार रुपये निकाले और पैदल ही गांव की तरफ जा रहा था। कांधला से कुछ दूरी पर चलते ही बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया और तमंचे से आतंकित कर 20 हजार रुपये लूट लिए।
पीड़ित किसान ने राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष नरेश कुमार यादव ने बताया कि लूट की सूचना मिलते ही गश्त कर रहे दरोगा मुकेश कुमार ने साथी पुलिसकर्मियों के साथ दोनों युवकों का पीछा किया, तो आरोपियों की बाइक बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर कार से टकरा गई। बाइक सवार एक युवक तो फरार हो गया, लेकिन घायल पकड़ा गया।
किसान ने दी तहरीर
लूट के शिकार किसान वीरेंद्र ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष का कहना है कि पीड़ित किसान ने एक आरोपी की शिनाख्त कर ली है। पकड़े गए युवक से पूछताछ की जाएगी। रिपोर्ट दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जा रही है