झिंझाना। करनाल से ट्रक में तस्करी कर लाई गई 120 पेटी शराब सहित झिंझाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उक्त शराब को पंचायत चुनाव के दौरान सप्लाई किया जाना था।
बुधवार दोपहर झिंझाना थाना पुलिस और आबकारी टीम ने मेरठ-करनाल हाईवे स्थित बिड़ोली चेक पोस्ट पर चेकिंग की। इस दौरान करनाल की ओर से आते 10 टायरा ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में 120 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। उक्त शराब हरियाणा से अरुणाचल प्रदेश पहुंचाने के नाम पर निकाली गई। ट्रक में सवार पवन निवासी ढूढार थाना कांधला और नवीन निवासी सोनीपत को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक को पुलिस झिंझाना थाने ले आई।
कैराना। कोतवाली पुलिस ने यमुना पुल पर चेकिंग के दौरान हरियाणा से ट्रैक्टर-ट्रॉली में पुआल के नीचे छिपा कर लायी जा रही 184 पेटी अंग्रेजी और देशी शराब की बरामद की है। पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
बुधवार सुबह सात बजे एसआई सत्यपाल यादव यमुना पुल पर वाहनों की चेेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पानीपत की ओर से पुआल लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक कर तलाशी ली, तो पुआल के नीचे से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। जिसके बाद पुलिस ने भागने का प्रयास कर रहे आरोपी चालक को पकड़ लिया और ट्रैक्टर ट्रॉली सहित कोतवाली ले आ आई। एसआई सत्यपाल यादव ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली से 154 पेटी हरियाणा मार्का अंग्रेजी और 30 पेटी देशी शराब की बरामद हुई है। इसके अलावा ट्रॉली के अंदर से एक केन में 10 लीटर रेक्टीफाइड भी बरामद की गई है।
कोतवाली प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि शराब तस्करी के आरोपी दीपक निवासी ग्राम मदीना जिला सोनीपत हरियाणा को जेल भेज दिया है।