कांधला। गांव नाला में पिछले कई दिनों से बदमाशों का आतंक बना हुआ है। दहशतजदा ग्रामीणों ने गांव में पहरा शुरू कर दिया है। बुधवार रात गांव में बदमाशों और ग्रामीणों के बीच फायरिंग हुई।
पिछले कई दिनों से गांव नाला में बदमाश घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। मंगलवार रात्रि में गांव निवासी अनिल सिंह के मकान में घुसकर लूटपाट की थी। इसके बाद बदमाशों ने डॉ. लोकेंद्र के घर में घुसकर परिवार के लोगों को हथियारों के बल पर आतंकित हजारों की नगदी के साथ अन्य कीमती सामान लूट लिया। जिसके बाद बदमाश धमकी देकर फरार हो गए।
दहशतजदा ग्रामीणों ने बुधवार रात्रि गांव में पहरा दिया। इस बीच गांव इस्लामपुर घसौली के कुछ किसान गांव लौट रहे थे। तभी गांव नाला के समीप बदमाशों ने हथियारों के बल पर आतंकित लूट की कोशिश की। नगदी न मिलने पर बदमाशों ने मारपीट कर छोड़ दिया।
इस दौरान ही गांव निवासी बदलू रमाला शुगर मिल से गन्ना डालकर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के समीप पहुंचा तो बदमाशों ने आतंकित करते हुए ट्रैक्टर लूटने की कोशिश की, लेकिन अन्य राहगीरों को देख बदमाश फरार हो गए। पीड़ितों ने मामले की सूचना गांव में दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और बदमाशों की तलाश में कांबिंग की।
इस दौरान एक जंगल में बदमाश दिखे। ग्रामीणों ने बदमाशों पर फायरिंग की, तो बदमाशों ने भी जवाबी फायरिंग की और वहां से भाग निकले। उधर, थानाध्यक्ष नरेश कुमार यादव ने फायरिंग होने की जानकारी से इंकार किया है।