शहर के गंगानगर मोहल्ले के सुनील सिंह उर्फ छोटू (32)
ने बुधवार की रात घर के अंदर मफलर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इलाकाई
लोगों ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव
का पोस्टमार्टम कराया। घटना से शादी के घर में कोहराम मच गया।
जानकारी
के अनुसार, सुनील सिंह के पिता शमसेर सिंह और मां की सालों पहले मौत हो गई
थी। इसके बाद से वह ही परिवार की जिम्मेदारी संभाले था। वह तीन बहनों में
इकलौता भाई था।
दो बहनों की शादी हो गई थी अब सबसे छोटी बहन पूजा की शादी
29 फरवरी को शहर में होनी है। सुनील बुधवार की रात शादी के कार्ड बांटकर
घर लौटा। वह सीधे अपने कमरे चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
घर के
लोग खाने के लिए दरवाजा खुलवाने पहुंचे थे तो दरवाजा नहीं खुला। अनहोनी की
आशंका में पड़ोसियों को बुलाया तो उन्होंने दरवाजा तोड़ा और कमरे में पंखे
के कुंडे से सुनील का शव फांसी से लटकता पाया।
घटना से मृतक की पत्नी शारदा
सिंह और बहन पूजा रो-रोकर बेहाल हैं। मृतक अपने पीछे एक बेटा रुद्रप्रताप
और बेटी पीहू को छोड़ गया है। पोस्टमार्टम हाउस में बहनोई राम सिंह ने
बताया कि सुनील चार साल पहले मौरंग घाट में काम करता था।
काफी दिनों से
बेरोजगार था। बहन की शादी में रुपयों की कमी को लेकर चिंतित रहता था। इसी
वजह से शायद आत्महत्या की है। उधर, कोतवाल आरके पांडेय ने बताया कि मोहल्ले
के लोगों से आर्थिक तंगी के चलते पारिवारिक विवाद की वजह से आत्महत्या कर
लेने की जानकारी मिली है।