शामली में कैराना क्षेत्र के गांव मंडावर में हथियारबंद लोग दो घरो में से दो युवकों को उठाकर ले गए। आरोप है कि घर में मौजूद महिलाओं के साथ मारपीट करने के अलावा लूटपाट भी की गई। वहीं पुलिस मामले को आपसी रंजिश का बताते हुए संदिग्ध मान रही है।
ग्राम मंडावर में तीन गाड़ियों में सवार हथियारबंद 9-10 लोग दो घरो से मारपीट करते हुए अलीशान और तसव्वर को उठा ले गए। सूचना पर रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक गाड़ी सवार युवक वहां से जा चुके थे। रविवार सुबह गांव निवासी इश्हाक और जिंदा परिजनों सहित कैराना कोतवाली पहुंचे। तहरीर देते हुए बताया कि शनिवार रात करीब डेढ़ बजे दो तीन कारों में सवार होकर 9-10 हथियारबंद बदमाश उनके घरों में घुस आए।
बदमाशों ने महिलाओं व पुरुषों के साथ मारपीट करते हुए घर में रखी 60 हजार की नकदी व सोने चांदी के जेवर लूट लिए। इश्हाक के पुत्र अलीशान और जिंदा के पुत्र तसव्वर का अपहरण करके ले गये।
बदमाशों में दो युवक उनके गांव के ही थे जिन्हें उन्होंने पहचान लिया। जबकि एक महिला ने बताया कि एक कार के ऊपर नीली बत्ती भी लगी थी। मामले में कोतवाली प्रभारी एपी भारद्वाज ने बताया कि तहरीर में आरोपित युवकों से इस परिवार की रंजिश भी चल रही है। ऐसा भी हो सकता है कि युवकों को हरियाणा पुलिस किसी मामले में उठाकर ले गई हो। मामले की जांच की जा रही है।