झिंझाना। विवाहिता को ससुरालियों ने दहेज के लिए मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता के पिता ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराकर कार्रवाई करने की मांग की।
बुधवार को कैराना क्षेत्र के ऊंचा गांव निवासी सुभाष ने थाना झिंझाना में तहरीर देकर बताया कि उसकी पुत्री मेनका की शादी 30 जनवरी 2013 में झिंझाना के गांव मनूगढ़ भैरगढ़ निवासी कंवरपाल उर्फ मिंटू के साथ की गई थी।
जिससे उसके दो जुड़वा बच्चे भी हैं। शादी में 18 लाख रुपये खर्च किए गए थे। जिसमें 10 तोले सोने व 20 तोले चांदी के जेवरात के साथ ढाई लाख रुपये नगद दिए थे। जिसके बाद भी ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हैं। कई बार लड़की के साथ मारपीट कर चुके हैं। हर बार बिरादरी की पंचायत में समझौता होता रहा।
जिसके बाद भी पांच लाख नकद व कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर दिवाली से तीन दिन पूर्व उसकी पुत्री के साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंच कर घायल बेटी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में तहरीर दी गई, लेकिन समाज के लोगों द्वारा समझाने पर कि ससुराल के लोग मान जाएंगे।
दिवाली के दिन समझौते के लिए भैरगढ़ पुत्री के ससुराल में जाने पर ससुर, देवर, पति, सास व एक अन्य आदमी ने मारपीट की। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि विवाहिता के पति कंवरपाल उर्फ मिंटू, ससुर सतपाल सिंह, देवर रामकुमार, सास ओमवती व बबलू निवासी ढोली माजरा थाना नकुड़ जिला सहारनपुर के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट कर दुष्कर्म का प्रयास व विरोध करने पर जान से मारने के प्रयास कि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।