शामली। बलवा में राशन को लेकर हुए बवाल के बाद अब पुलिस शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस ने चार लोगों को चिह्नित भी कर लिया है।
सोमवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव बलवा में राशन डीलर रामनारायण की मौत के बाद नए राशन डीलर को दुकान आवंटित करने के लिए खुली बैठक का आयोजन किया गया था। जिसमें बवाल हो गया था। इसमें एक पक्ष की ओर से ग्राम प्रधान के पति कुलबीर समर्थक अरविंद व दूसरा पक्ष नाथीराम था। इस दौरान फायरिंग भी हुई, जिसमें नाथीराम पक्ष से चार लोग घायल हो गए थे। नाथीराम की ओर से प्रधान के पति कुलबीर पुत्र पूरणदास, सोनू उर्फ संदीप, अनिल, विकास पुत्र रामदास, नरेश पुत्र टिक्का, अरविंद पुत्र करण सिंह, विनोद पुत्र कलम सिंह, जीशांत पुत्र इसाक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
पुलिस ने दो आरोपियों संदीप व अनिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अब पुलिस गांव में शस्त्र लाइसेंस चिह्निकरण की कार्रवाई में भी जुट गई है। बवाल के बाद ग्रामीणों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। जिसके लिए पुलिस जांच कर रही है। अभी तक चार नाम सामने आए हैं। जिनके पास शस्त्र लाइसेंस हैं। इनमें प्रवीण पुत्र ऋषिपाल, वीरसैन पुत्र बिशंबर, प्रधान के पति कुलबीर पुत्र पूरणदासी व नाथीराम पुत्र सुल्तान हैं।
बवाल के बाद ग्रामीणों के शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए लाइसेंस चिह्नित किए जा रहे हैं। अभी चार की पहचान हो पाई है। कार्रवाई पूरी होने के बाद निरस्तीकरण के लिए रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। - आरबी सिंह, प्रभारी कोतवाली शामली।