शामली। बाबरी के जंगल में ट्यूबवेल पर बीडीसी (क्षेत्र पंचायत सदस्य) का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इस दौरान विरोध करते पुलिस से शव छीन लिया और बुटराड़ा बस स्टैंड पर जाम लगाया। बाद में एसपी, सीओ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलाया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के हत्या और एससी/एसटी के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
बाबरी निवासी सोनू(25) पुत्र धनीराम क्षेत्र पंचायत सदस्य था। सोमवार सुबह उसका शव गांव के पास ही एक ट्यूबवेल पर पड़ा मिला। सुबह खेतों में गए ग्रामीणों ने शव को देखकर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन और सैकड़ों ग्रामीण पहुंच गए। इस दौरान सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी, तभी परिजनों ने पुलिस का विरोध कर दिया। परिजनों ने जिला पंचायत सदस्य शेर सिंह राणा और जिला पंचायत सदस्य अनिल टीनू पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही सीओ शामली निशांक शर्मा घटनास्थल पर पहुंच गए। इस दौरान बसपा जिलाध्यक्ष अरविंद झाल भी कार्यकर्ताओं के साथ आ गए। सीओ ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इसके बावजूद भी कुछ नेताओं के नेतृत्व में परिजनों और ग्रामीणों ने बुटराड़ा बस स्टैंड पर जाम लगा दिया और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इस दौरान वाहन चालकों के साथ परिजनों की नोकझोंक भी हुई।
मामला बढ़ने पर एसपी विजय भूषण भी पहुंच गए, तो ग्रामीणों एवं परिजनों ने उनकी गाड़ी का घेराव किया। बाद में किसी तरह से एसपी ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। बाद में मृतक के पिता धन्नी राम की ओर से थाने में तहरीर दी गई। जिसमें आरोप लगाया कि करीब 12 दिन पहले उसके पुत्र सोनू का अनिल टीनू अपहरण कर ले गया था। आरोप लगाया गया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई थी। जिसका पता अनिल टीनू को लगा तो वह शेर सिंह राणा और अन्य साथियों के साथ घर पहुंचा और धमकी दी।
रविवार रात उनके ही दो साथी सोनू को बुलाकर ले गए थे, जिसके बाद से सोनू से संपर्क नहीं हो सका। एसओ बाबरी यूसुफ खान ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर शेर सिंह राणा, अनिल टीनू, सुधीर चौधरी, वेद विलास सैनी और बबलू शर्मा के खिलाफ हत्या और एसटी/एससी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मुजफ्फरनगर से विधि विज्ञान प्रयोगशाला के प्रभारी हरेंद्र कुमार के नेतृत्व में डॉग स्कवायड की टीम पहुंची। टीम ने डॉग की मदद से पूरे क्षेत्र को खंगाला।