कांधला। दंगा पीड़ितों के यहां हुई लूट का पुलिस अभी खुलासा भी नहीं कर पाई थी कि स्कॉर्पियो सवार छह बदमाशों ने दिन दहाड़े हथियारों के बल पर कस्बे के भारसी मोड़ से एक शिफ्ट डिजायर गाड़ी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश दिल्ली की ओर भाग गए। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पीड़ित से जानकारी ली।
पांच दिन पूर्व कस्बे के आदर्श कॉलोनी निवासी दंगा पीड़ित नईम के घर में हुई लूटपाट के मामले में पुलिस अभी उलझी हुई है, वहीं बदमाशों ने बृहस्पतिवार की सुबह भारसी मोड़ पर फिर से लूटपाट की वारदात को अंजाम दे दिया। कस्बा एलम के मोहल्ला हरिनगर निवासी नीरज पुत्र राज कुमार बृहस्पतिवार की सुबह करीब 11 बजे अपनी नई शिफ्ट डिजायर गाड़ी से कस्बे में आ रहा था। जब वह कस्बे के भारसी मोड़ पर पहुंचा तो एलम की ओर से आई स्कॉर्पियो गाड़ी ने ओवरटेक कर उसको रुकवा लिया। इसके बाद स्कॉर्पियो से छह बदमाश उतरे और हथियारों के बल पर आतंकित कर नीरज को गाड़ी से उतार दिया।
नीरज ने विरोध किया तो बदमाशों ने मारपीट की। इसके बाद बदमाश उसकी शिफ्ट डिजायर गाड़ी लूटकर दिल्ली की ओर भाग गए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। दिन दहाड़े हुई लूट की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, उनका सुराग नहीं लगा।
लूट की सूचना पर सीओ कैराना एनपी सिंह और एसओजी प्रभारी राजकुमार शर्मा ने भी अपनी टीम के साथ बदमाशों की तलाश में पहुंचे, कोई सफलता नहीं मिली। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की तहरीर दी। सीओ कैराना एनपी सिंह ने कहा शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की टीम को लगाया।