शामली। दूल्हे का मेकअप कराकर कार से लौट रहे युवकों को गांव खेड़ीकरमू में आधा दर्जन शराबी युवकों ने रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने कार में सवार दूल्हे व उसके साथियों को बुरी तरह पीटा। चेन व नगदी लूटने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर दे दी है।
गत देर रात गांव लिलौन निवासी दीपक बुआ के लड़कों संदीप तोमर व प्रवेंद्र निवासी बड़ौत के साथ शामली आया हुआ था। दीपक की शादी थी, जिसके चलते संदीप व प्रवेंद्र उसका मेकअप कराने लाए थे। मेकअप कराने के बाद तीनों कार से लौट रहे थे। जब वह गांव खेड़ीकरमू के निकट पहुंचे, तो वहां शराब के नशे में चार पांच युवक उनकी गाड़ी के सामने आ गए। जब संदीप ने उन्हें आगे से हटने के लिए कहा, तो युवकों ने उन्हें बुरी तरह पीटा।
शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी फरार हो गए। पीड़ितों ने अस्पताल में अपना मेडिकल कराया और कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी डीपी सिंह ने बताया कि उन्हें घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
कचहरी में युवक को चप्पलों से पीटा
कैराना। कचहरी में मुकदमे की तारीख पर आई महिला व उसकी पुत्री के साथ दूसरे पक्ष की कहासुनी हो गई। जिस पर महिला ने युवक की चप्पलों से कचहरी परिसर में ही पिटाई कर दी। क्षेत्र के एक गांव निवासी दो पक्षों के बीच जमीन के विवाद में मुकदमा चल रहा था। गुरुवार को एक पक्ष की महिला पुत्री के साथ कचहरी पहुंची, जबकि दूसरे पक्ष का एक युवक भी मुकदमे की पैरवी के लिए आया हुआ था।
इसी दौरान महिला व युवक के बीच कहासुनी होने पर युवक ने महिला को अपशब्द बोल दिए। इसके बाद महिला व उसकी पुत्री आगबबूला हो गई तथा चप्पल निकालकर युवक की जमकर पिटाई की। बाद में कचहरी में तैनात पुलिसकर्मियों ने युवक को महिलाओं से बचाया।