शामली। जिला पूर्ति अधिकारी ने टीम के साथ सिसौली रोड स्थित स्थित बायो डीजल पंप का निरीक्षण किया। आरोप है कि बायो डीजल पंप की आड़ में बिना लाइसेंस के पेट्रोल-डीजल का कारोबार होता मिला।
जिला पूर्ति अधिकारी हरिओम उपाध्याय ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे सिसौली रोड स्थित बायो डीजल पंप का निरीक्षण किया। टीम को देखकर बायो डीजल पंप के संचालक ताला लगाकर मौके से फरार हो गए। पंप परिसर में स्थित कमरे पर ताला लगा हुआ मिला। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि पंप पर बायो डीजल मार्का दो डिस्पेंसिंग यूनिट लगी मिली। दोनों डिस्पेंसिंग यूनिट बंद होने के कारण बायो डीजल/पेट्रोल का कोई नमूना नहीं लिया जा सका। जिला पूर्ति अधिकारी के मुताबिक मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि यह पंप दो लोगों की साझेदारी में है और इस पर डीजल/पेट्रोल की बिक्री की जाती है। पंप संचालकों ने जिला स्तर से बायो डीजल/पेट्रोल बिक्री संबंधी कोई लाइसेंस नहीं लिया गया है। बिना लाइसेंस/अनापत्ति प्रमाणपत्र के बायो डीजल/पेट्रोल की बिक्री करने पर पंप संचालकों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अजय कुमार सिंह, जगवीर सिंह, पूर्ति निरीक्षक वैशाली अहलावत आदि मौजूद रहे।