तितावी (मुजफ्फरनगर)। गांव छतैला के जंगल में बृहस्पतिवार रात बदमाश बुलंदशहर और गंगोह के कारोबारियों को बंधक बनाकर मुर्गों से लदी दो गाड़ियां लूटकर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह तक पुलिस ने बदमाशों की तलाश में जिलेभर में नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश की गई, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव छतैला निवासी मुन्ना ने गांव के जंगल में मुर्गी फॉर्म लगाया हुआ है। बृहस्पतिवार रात बुलंदशहर जनपद के कस्बा गुलावठी निवासी मुर्गा कारोबारी नौशाद अपने साथी हापुड़ निवासी दानिश के साथ मुर्गे लेने टाटा-ऐस गाड़ी से छतैला स्थित मुन्ना के फॉर्म पर आया था। वहीं, सहारनपुर जनपद के गंगोह क्षेत्र के गांव थावली निवासी मुर्गा कारोबारी अब्दुल कादिर भी साथियों उमेर व अकरम के साथ बोलेरो पिकअप लेकर फॉर्म पर मुर्गे लेने आया था। देर रात नौशाद ने फॉर्म मालिक मुन्ना से करीब 1.40 लाख रुपये कीमत के और अब्दुल कादिर ने 1.10 लाख रुपये कीमत के मुर्गे खरीदे और अपनी-अपनी गाड़ियों में उन्हें लेकर गंतव्य के लिए रवाना हो गए। जैसे ही दोनों कारोबारी शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे अपनी गाड़ियों से छतैला मोड़ पर पहुंचे, वहां पहले से मौजूद 10 से अधिक बदमाशों ने उनकी गाड़ियां रुकवा लीं।
आरोप है कि बदमाशों ने गाड़ियां रुकते ही मुर्गा कारोबारियों व उनके साथियों पर हथियार तान दिए और गोली मारने की धमकी देते हुए सभी पांच लोगों के उन्हीं के कपड़ों से हाथ-पैर बांधकर उन्हें एक खेत में डाल दिया। बदमाशों ने नौशाद के पास मौजूद 45 हजार की नकदी व मोबाइल और अब्दुल कादिर से 31 हजार की नकदी व मोबाइल भी लूट लिए। इसके बाद बदमाश मुर्गों से लदीं दोनों गाड़ियों को लेकर वहां से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद खेत में पड़े पीड़ितों ने किसी तरह एक-दूसरे की मदद से बंधनमुक्त होने के बाद शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों से घटना की जानकारी ली। एसओ तितावी क्षितिज कुमार का कहना है कि नौशाद ने घटना की तहरीर दी है, जिसके आधार पर दस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है, जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।