संशोधित खबर -- नोट फाइल संख्या 23एम को रद्द कर दें
पहली पत्नी से विवाद, युवक ने कर ली दूसरी शादी
पत्नी की तरफ से चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई
पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया, मस्कट हुई बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
थानाभवन, 05 सितंबर
पहली पत्नी से चल रहा विवाद न्यायालय में विचाराधीन है, लेकिन युवक ने दूसरी शादी कर ली। पहली पत्नी और उसके परिजनों ने मौके पर पहुंचकर विरोध किया, तो उनके साथ गाली गलौज व मारपीट की गई। आरोप है कि दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की गई। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से मस्कट भी बरामद हुई है।
जलालाबाद के मोहल्ला मोहम्मदीगंज निवासी अफसाना पुत्री इश्तियाक ने बुधवार को थानाभवन थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। उसमें बताया कि उसकी शादी कुछ साल पूर्व कस्बा जलालाबाद निवासी अफजाल पुत्र इलियास के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद अफजाल ने उसे तीन तलाक दे दिया, जिसके बाद से उनका मामला कोर्ट में विचाराधीन है। महिला ने आरोप लगाया कि मंगलवार रात अफजाल ने कस्बा की रहने वाली दूसरी लड़की से शादी कर ली। इसकी जानकारी होने पर जब वह परिवार के लोगों के साथ शादी रुकवाने पहुंची, तो आरोपी पक्ष ने गाली गलौज और मारपीट कर दी। आरोप है कि हवाई फायरिंग भी की गई। महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी अफजाल, शाबाज, यूनुस व रिश्तेदार नोशाद पुत्र गुलाम अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने आरोपी यूनुस को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से मस्कट बरामद की गई। थानाध्यक्ष कृष्णकुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी आरोपियों को जल्दी ही गिरफ्तार किया जाएगा।