दुकान से घर लौटते समय व्यापारी पर कुछ युवकों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। कार में भी तोड़फोड़ कर दी। वारदात से गुस्साए व्यापारियों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
मोहल्ला खैल निवासी दिनेश सैनी गंगेरू रोड पर किरयाना की दुकान करता है। दिनेश के अनुसार मंगलवार को वह कार से दुकान से घर लौट रहा था। रास्ते में मोहल्ला गुजरान निवासी गोलू की साइकिल कार से टकरा गई। इस पर उसने दिनेश के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। वहां मौजूद लोगों ने दोनों में बीच बचाव करा दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद गोलू अपने साथ कई अन्य युवकों को लेकर वहां पहुंचा और लाठी डंडो से उस पर हमला कर दिया। सरेराह हुए हमले में बाजार में भगदड़ मच गई। हमलावरों ने उसकी कार को भी तोड़ डाला और फरार हो गए। व्यापारी पर हमले की सूचना पर बड़ी संख्या में व्यापारी वहां पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा की सूचना पर थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर व्यापारियों को शांत किया। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा । इस दौरान भीम सैनी, नरेश सैनी, देवेंद्र, विपिन, राहुल, सचिन गोयल, ईश्वर दयाल कंसल, विक्की, विपिन, राधेश्याम, राहुल, लोकेश गोयल, सतेंद्र, धर्मपाल, अमन, अमित गर्ग आदि लोग मौजूद रहे।