कैराना (शामली)। छह दिन से लापता ट्रक चालक का शव कब्रिस्तान में सड़ी-गली अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता ने तीन लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है।
गांव भूरा निवासी समरयाब (27) ट्रक चालक था। 10 सितंबर को गांव के ही तीन युवकों ने समरयाब से 2700 रुपये छीन लिए थे। 11 सितंबर से समरयाब लापता था। समरयाब के नहीं मिलने पर उसके पिता इस्लाम ने शुक्रवार को कोतवाली में तहरीर दी थी। शनिवार शाम पांच बजे भूरा गांव के कब्रिस्तान वाले रास्ते पर गन्ने के खेत में समरयाब का शव पड़ा मिल गया। सूचना पर सीओ वीरपाल सिंह व कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह, एसओजी टीम प्रभारी राजकुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस की सूचना के बाद इस्लाम गांव पहुंचा। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पीएम के लिए भेज दिया। वहीं, कोतवाली में मृतक के चाचा साबिर ने कोतवाली में समरयाब के अपहरण व हत्या की नामजद तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।