दहेज उत्पीड़न में पति सहित छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
कैराना। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता के साथ मारपीट कर घर से निकालने के आरोप में पति सहित छह ससुरालियों के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
गांव बराला निवासी सायरा ने कोतवाली पर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी शादी गंगोह थानाक्षेत्र के ग्राम पीरमाजरा में हुई थी। शादी में दिए गए दहेज से ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे और दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि 27 फरवरी को ससुरालियों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह मायके में रह रही है। आरोप है कि मायके में आकर भी ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पीड़िता के पति मोहसिन, ससुर इकराम, चचिया ससुर इमरान, देवर मासूम, सास खुर्शीदा और ननद मोहसिना निवासी ग्राम पीरमाजरा के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो बाइकों का चालान
कैराना। नगर में पैदल मार्च के दौरान पुलिस ने छड़ियान और पीएनबी बैंक के निकट पटाखा छोड़ रही दो बुलेट बाइकों को पकड़ लिया। बुलेट बाइक को पुलिस कोतवाली ले गई। कोतवाली प्रभारी राजेंद्र नागर ने कहा कि पकड़ी गई बुलेट को सीज करने की कार्रवाई की जा रही है।