शामली। कैराना रोड पर स्थित सिंडीकेट बैंक में आधार कार्ड बनाए जा रहे थे। दोपहर बाद दो युवक बैंक में पहुंचे। बैंक में भीड़ अधिक होने के कारण बैंक कर्मचारियों ने उनको लाइन में लगने के लिए कह दिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया और मारपीट पर उतारू हो गए। बैंक मैनेजर ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
वृद्ध ने गल्ले से चुराए 11 सौ रुपये
शामली। नगर के बुढ़ाना रोड पर सतेंद्र का चाय का खोखा है। बृहस्पतिवार को उसके पास एक वृद्ध आया तथा चाय बनाने के लिए कहा। सतेंद्र चाय बनाने लगा। इस दौरान उसने गल्ले में रखे 11 सौ रुपये चुरा लिये। गल्ले से रुपये चुराते हुए एक व्यक्ति ने देख लिया और सतेंद्र को बताया। जिस पर सतेंद्र ने उसको पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसको हिरासत में ले लिया। बाद में दोनों पक्षों में फैसला हो गया।
शांतिभंग की आशंका में चालान
शामली।
नगर के मोहल्ला शांतिनगर निवासी प्रवीण मोहल्ले में झगड़ा करने का प्रयास कर रहा था। उसी दौरान पुलिस को सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह झगड़ा करने से बाज नहीं आया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसका शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
एंटी रोमियो ने टीम ने दो युवक पकड़े
थानाभवन।
आए दिन स्कूलों के बाहर हो रही छेड़खानी की घटनाओं पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने एंटी रोमियो अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने बस स्टैंड, गर्ल्स इंटर कॉलेज के बाहर, चरथावल बस स्टैंड, मुल्लापुर रोड, ऊन रोड आदि मार्गों पर अभियान चलाकर चेकिंग की। चेकिंग के समय पुलिस को मुल्लापुर मार्ग पर दो युवक लडकियों के साथ छेड़छाड़ करते हुए मिल गए। जिस पर पुलिस दोनों को थाने में ले आई। बाद में युवतियों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को चेतावनी देकर छोड़ दिया।