शामली में आबकारी टीम ने दिल्ली रोड पर गांव लिलौन के पास चेकिंग के दौरान शराब से लदा कैंटर पकड़ा, जिसमें 200 पेटी हरियाणा मार्का देशी शराब लदी हुई थी। कैंटर सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जिला आबकारी अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर गांव लिलौन के पास चेकिंग कराई।
इस दौरान 200 पेटी हरियाणा मार्का देशी शराब लदा कैंटर पकड़ा गया। कैंटर सवार गुलजार पुत्र बानू निवासी चोपड़ा महेशपुर थाना सिंघावली अहीर जनपद बागपत तथा सोमपाल पुत्र नेमचंद निवासी कुरमाली थाना बाबरी (शामली) को गिरफ्तार कर लिया गया। उक्त कैंटर को कांधला की तरफ से शामली की ओर लाया जा रहा था।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि बरामद शराब की बाजारू कीमत करीब आठ लाख रुपये है। उधर, पूर्व में पकड़ी गई शराब को आबकारी विभाग ने न्यायालय के आदेश पर 70 पेटी देशी शराब नष्ट भी कराई।