ससुरालियों ने महिला और उसके भाइयों को पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
कैराना।
प्रापर्टी के लिए ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला को पीटकर घायल कर दिया। महिला का भाई विरोध करने मौके पर पहुंचा, तो उसे भी पीटा गया। पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव अलीपुर निवासी नौशीदा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पति की सात माह पूर्व बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी। ससुराल वाले उसकी संपत्ति हड़पना चाहते हैं। नतीजतन आए दिन उसके साथ मारपीट की जाती है। बुधवार सुबह उसके साथ मारपीट की। उसने कॉल करके तीतरवाडा गांव से अपने भाई मुबारिक और जबरे को बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके भाइयों के साथ भी मारपीट कर दी।
कृषि भूमि पर कब्जा करने का आरोप
कैराना। गांव सहपत निवासी प्रेमो ने कैराना कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव के ही निकट उसका खेत है। आरोप है कि पड़ोसी किसान उसकी भूमि पर कब्जा करना चाहते हैं और उसकी खेत की डोल को भी काटकर कब्जा करना शुरू कर दिया है। पीड़िता ने कार्रवाई की मांग की है।
घर में चोरी करते दबोचा युवक
कैराना। दिनदहाड़े घर से गैस सिलिंडर चोरी करके भाग रहे युवक को पकड़ लिया गया। पिटाई करने के बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। बुधवार दोपहर मोहल्ला इकरामपुरा निवासी इरशाद के घर में एक युवक घुस गया और गैस सिलिंडर चोरी करके गाड़ी में रखकर ले जाने लगा। इसी दौरान इरशाद ने अन्य लोगो के सहयोग से आरोपी को दबोच लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी को थाने ले गई और पूछताछ की। आरोपी युवक खुद को कभी गांव मकलपुर तो कभी गंदराऊ का रहने वाला बताने लगा। इरशाद ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई कर रही है।