कैराना। कब्र से निकाल कर दभेड़ी खुर्द अलफलाह कॉलोनी निवासी शाहनवाज के शव के कराए गए पोस्टमार्टम में शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं मिला है। इसमें पानी में डूबने से मौत बतायी गई है। साथ ही विसरा जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
28 जून को यमुना में डूबे शाहनवाज की मौत के बाद पिता मकसूद ने पुलिस कार्रवाई से इंकार करते हुए शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ही सपुर्द ए खाक कर दिया था। पांच दिन बाद पिता ने अपने बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने की गुहार लगाई थी। इस पर नायब तहसीलदार कॉमेंद्र गुप्ता और पुलिस ने कांधला स्थित कब्र से शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। सोमवार को शाहनवाज की पोस्टमार्टम रिपोर्ट कोतवाली में आ गई। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि शाहनवाज के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। पानी में डूबने से ही उसकी मौत हुई है। साथ ही विसरा जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।