लापता हुई युवती को बरामद किया
शामली। नगर के एक मोहल्ला से करीब तीन साल पूर्व लापता हुई युवती को पुलिस ने बरामद कर लिया, जबकि एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अब युवती के अदालत में बयान दर्ज कराने की तैयारी कर रही है। कोर्ट में बयान दर्ज कराने के बाद ही युवती को जहां वह चाहेगी उसके साथ भेजा जाएगा।
दोनों पक्षों में हो गया फैसला
शामली। प्रेम प्रसंग के चलते बृहस्पतिवार की सुबह एक युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। इसकी भनक परिजनों लगने पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दे दी थी। जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी थी। दोपहर बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी को रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया था। देर शाम तक दोनों पक्षों में फैसले का प्रयास चलता रहा। युवती प्रेमी के साथ ही जाने पर अड़ी रही, लेकिन बाद में मामले में समझौता हो गया। जिसके बाद युवती अपने परिजनों के साथ जाने के लिए मान गई और परिजन युवती को ले गए, जबकि युवक को पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ दिया।
नशीले पदार्थ बिक्री के मामले में तीन पकड़े
शामली। शहर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खेड़ी करमू में तीन युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे है। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची और तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तीनों से पूछताछ की। शुक्रवार की शाम तक मामले में कोई फैसला नहीं हो पाया था। पुलिस जांच कर रही है।
पात्र नहीं होने कारण रिजेक्ट हुई ऋण की फाइल
शामली। गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के ओबीसी बैंक के मैनेजर ने जानकारी देकर बताया कि उनके यहां पर एक महिला ने प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन किया था। जिसके बाद उन्होंने यह फाइल तैयार कर जांच के लिए सहारनपुर भेज दी थी। मैनेजर के अनुसार माइक्रो स्माल मीडियम एंटरप्राइजेज के मैनेजर अतुल सकलानी की ओर से इसकी जांच की गई तो महिला ऋण लेने के लिए अपात्र मिली। जिस पर पांच फरवरी 2018 को ऋण की फाइल अस्वीकृत कर दी गई। आरोप है कि अब महिला उनके साथ अभद्रता कर रही है दबाव बनाने के लिए झूठे आरोप लगा रही है। मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों को की गई है।