शामली। अजंता चौक के पास एक दुकान पर हंगामे की सूचना पर पहुंची डायल-100 पुलिस के साथ दुकानदार ने गाली-गलौज कर दी। मामला बढ़ता देख कोतवाली भी मौके पर आई गई और आरोपी दुकानदार को हिरासत में ले लिया।
अजंता चौक के पास कपड़े की दुकान पर एक ग्राहक सामान लेने के लिए पहुंचा। किसी बात की दुकानदार और ग्राहक के बीच कहासुनी हो गई। इस बीच ग्राहक ने डायल-100 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर डायल-100 पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को समझाने लगी। मगर, दुकानदार पुलिस के सामने ही गाली-गलौज पर उतर आया। उसने पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की दी। इस पर वहां हंगामा हो गया। डायल-100 पुलिस ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आरोपी दुकानदार को समझाने का प्रयास किया। मगर, उसने कोतवाली पुलिस के साथ भी अभद्रता कर दी। मामला बिगड़ता देख पुलिस आरोपी व्यापारी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। उधर, देर शाम तक मामले में फैसले के प्रयास चल रहे थे। कोतवाली प्रभारी के अनुसार मामला संज्ञान में आया है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के साथ अभद्रता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।