निर्माण में घटिया सामग्री पर जताई नाराजगी
शामली। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने निर्माणाधीन कलक्ट्रेट मुख्यालय और पुलिस आफिस का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण में घटिया ईंटों के प्रयोग किए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के सहायक अभियंता को ईंटों की जांच कराने का निर्देश दिया।
बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजयपाल शर्मा अन्य अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन कलक्ट्रेट मुख्यालय तथा पुलिस लाइन का निरीक्षण करने पहुंचे। निर्माण कार्य धीमी गति से होने और पुलिस आफिस निर्माण में इस्तेमाल की जा रही घटिया ईंटों को देखकर नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि गुणवत्ता युक्त निर्माण सामग्री का ही इस्तेमाल किया जाए। इस दौरान उन्होंने जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के सहायक अभियंता दिनेश सिंघल को निर्देश दिए कि पुलिस आफिस के निर्माण में प्रयोग की जा रही ईंटों की जांच कराई जाए। यदि घटिया ईंटों के इस्तेमाल की पुष्टि होती है, तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण में गुणवत्ता से कतई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि इसमें लापरवाही बरती जाती है, तो कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार आवास तथा अन्य आवासों की साफ सफाई कराने और अधूरे कार्यो को शीघ्रता से पूरा कराने का निर्देश दिया।