शामली। हरियाणा के करनाल जिले की सीआइए स्टाफ की टीम ने शामली के बड़ा बाजार सराफ के यहां दबिश दी। पुलिस टीम ने सराफ पर चोरी की सोने की चेन खरीदने का आरोप लगाया। इस दौरान व्यापारियों ने विरोध करते हुए हंगामा कर दिया।
मंगलवार शाम को हरियाणा के करनाल पुलिस की टीम शामली के बड़ा बाजार में एक सराफ के यहां पहुंची। पुलिस टीम अपने साथ झिंझाना क्षेत्र के एक युवक को लेकर आई थी। पुलिस टीम का कहना था कि आरोपी युवक को चेन स्नेचिंग के मामले में पकड़ा है। आरोपी ने बताया कि उसने सोने की चेन को शामली निवासी सराफ के यहां बेचना बताया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस यहां पहुंची। हरियाणा पुलिस के आने की सूचना पर आसपास के व्यापारी इकट्ठे हो गए और हरियाणा पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। पुलिस टीम ने सराफ को लेने का प्रयास किया तो व्यापारियों ने हंगामा कर दिया। हंगामे और विरोध के चलते पुलिस टीम सराफ से पूछताछ कर लौट गई। कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि एक सराफ के यहां हरियाणा की करनाल पुलिस की टीम के आने की सूचना मिली थी, लेकिन उन्होंने कोतवाली में कोई आमद दर्ज नहीं कराई है।