कैराना। पुरानी रंजिश के चलते तितरवाड़ा गांव में दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इस दौरान लाठी-डंडे के साथ धारदार हथियार चले। फायरिंग होने से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। मारपीट में दोनों पक्षों से चार लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दे दी है।
रविवार सुबह क्षेत्र के गांव तितरवाड़ा में मंजूरा और आलिम पक्ष के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चल पड़े। संघर्ष के दौरान कई राउंड फायर भी हुए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति पर काबू किया। इसके बाद एक पक्ष के घायल आलिम व तालिब तथा दूसरे पक्ष के सद्दाम व सादा को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से सद्दाम और सादा को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। संघर्ष प्रकरण में एक पक्ष की ओर से मंजूरा व दूसरे पक्ष की महिला खुर्शीदा ने एक-दूसरे के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों पक्षों से कई लोगों को हिरासत में ले लिया है। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह का कहना है कि तहरीर मिल गई है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।