अमर उजाला ब्यूरो
थानाभवन। भैसानी इस्लामपुर गांव के जंगल में गोकशी की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। मौके से 45 किलो मांस के अलावा अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस ने चार नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बुधवार सुबह नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के गांव भैसानी इस्लामपुर में तौफिक पुत्र यूसुफ के खेत में गोकशी की जा रही है। थानाभवन थाना के उपनिरीक्षक बीनू सिंह ने पुलिस टीम को साथ लेकर छापा मारा। पुलिस को देख आरोपी फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने खेतों में आरोपियों को तलाश किया, लेकिन हाथ नहीं लगे। खेत में से 45 किलो मांस, दो छुरी, एक कुल्हाड़ी, एक रस्सी, लकडी का गुटका आदि सामान बरामद हुआ। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि मामले में गिल्लू पुत्र सेन्ना, तनवीर पुत्र अली कौशर, आस मोहम्मद पुत्र गुलजार, जाहिद पुत्र रफीक निवासी भैसानी इस्लामपुर और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि जिन लोगों के नाम प्रकाश में आए, उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के बाद गिरफ्तारी का प्रयास शुरु कर दिया गया है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।