अमर उजाला ब्यूरो
कांधला। यूको बैंक शाखा के कैशियर से बदमाशोँ ने लूटपाट की और विरोध करने पर चाकू मारकर फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शामली स्थित जाट कालोनी निवासी चंद्रवीर सिंह कस्बा कांधला के मोहल्ला सरावज्ञान स्थित यूको बैंक शाखा में कैशियर है। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह बाइक से पूर्वी यमुना नहर पटरी मार्ग के रास्ते कांधला आ रहे थे। जब वह कांधला के समीप नर्सरी पर पहुंचे, तो खेत से निकलकर आए दो बदमाशों ने हथियारों के बल पर आतंकित करके बाइक रुकवा ली और लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। शोरशराबा होने पर चंद्रवीर से मोबाइल लूटकर बदमाश फरार हो गए। थाना प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि घटना की जांच कराई जाएगी।
महत्वपूर्ण
- कांधला में पूर्वी यमुना नहर पटरी पर हुई वारदात