झिंझाना थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे 12 हजार के इनामी बदमाश फैजल ने न्यायालय में सरेंडर कर दिया। पुलिस उसे गिरफ्तार करने के प्रयास में लगी हुई थी।
एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने बताया कि झिंझाना थाना क्षेत्र में एक साल पूर्व हुई हत्या के मामले में तीतरो निवासी हैदर गैंग का नाम प्रकाश में आया था। हत्याकांड में हैदर का भाई फैजल भी फरार चल रहा था। उस पर पिछले दिनों ही डीआईजी सहारनपुर ने 12 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी फैजल को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें लगी हुई। इसी बीच बुधवार को फैजल ने मुजफ्फरनगर स्थित न्यायालय में सरेंडर कर दिया। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उसको कस्टडी रिमांड पर लाने के लिए प्रक्रिया शुरू करा दी गई है।
चेन स्नेचर पकड़ा
शामली। कोतवाली शामली पुलिस ने चेन और मोबाइल छीनने वाले गैंग के एक बदमाश को पकड़ा है। उससे पूछताछ चल रही है। पुलिस सूत्रों की मानें, तो पकड़े गए बदमाश ने चेन स्नेचिंग और मोबाइल छीनने की कई घटनाएं कबूली हैं। उसके गैंग में शामिल बदमाशों के बारे में पुलिस छानबीन करने में लगी हुई है।
परमिट के बावजूद बस संचालन रोका
शामली। शामली से थानाभवन-कच्चीगढ़ी और गंगोह मार्ग पर प्राइवेट बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। बस ऑपरेटरों ने इस संबंध में संभागीय परिवहन अधिकारी से वार्ता की। बताया कि जिन बसों को परमिट जारी है, उनका निर्धारित रूट पर संचालन किया जा सकता है। वहीं, बस ऑपरेटर जितेंद्र और विकास आदि ने बताया कि इस रूट पर रोडवेज अधिकारी बसों के संचालन नहीं होने दे रहे हैं। इस कारण बस ऑपरेटरों को दिक्कतें हो रही हैं।