हिस्ट्रीशीटर की कुंडली खंगालने पहुंची आरपीएफ
कैराना। आपराधिक मामले के संबंध में शामली आरपीएफ को कैराना निवासी एक हिस्ट्रीशीटर की तलाश है। शुक्रवार को आरपीएफ की टीम ने कैराना थाने पहुंचकर हिस्ट्रीशीटर की कुंडली खंगाली तथा उसके मोहल्ले में पहुंचकर भी छानबीन की गई। हालांकि आरपीएफ के अधिकारी यह नहीं बता पा रहे हैं कि हिस्ट्रीशीटर को किस मामले में तलाशा जा रहा है। शुक्रवार को आरपीएफ थाना शामली पर तैनात कांस्टेबल चंद्रकिरण अन्य सहयोगियों के साथ कैराना थाने पहुंचे। वहां आमद दर्ज कराकर कैराना थाने के एक हिस्ट्रीशीटर के बारे में जानकारी ली गई। फिर आरोपी के मोहल्ले में पहुंचकर छानबीन कराई गई। आरपीएफ के इंस्पेक्टर अजय कुमार का कहना है कि मामला गोपनीय है, जिसके बारे में अभी कुछ नहीं बता सकेंगे। टीम जांच करने में लगी है, जल्दी ही खुलासा किया जाएगा। ब्यूरो
शांतिभंग की आशंका में चालान किया
कैराना (ब्यूरो)। ग्राम मन्ना माजरा में जमीन को लेकर हुए विवाद पर मतलूब अपने पड़ोसी के साथ झगड़ा कर रहा था। सूचना पर 100 डायल पुलिस ने मौके पर जाकर मतलूब निवासी मन्ना माजरा को गिरफ्तार कर लिया। थाने लाने के बाद उसको शांतिभंग के आरोप में चालान करके मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर दिया गया।
जीप और टेंपू चालक का विवाद
कैराना (ब्यूरो)। मोहल्ला आलकलां निवासी अब्दुल्ला कैराना से सनौली मार्ग पर टैंपू चलाता है। अब्दुल्ला ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि दोपहर के समय वह सवारी लेकर सनौली जा रहा था। तीतरवाडा चुंगी पर उसने सनौली की एक सवारी बैठा ली। जिस पर कैराना से पानीपत जा रही जीप के चालक ने सवारी बैठाने की रंजिश में उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।