दुकानदार की गोली मारकर हत्या
तितावी(मुजफ्फरनगर)। थाना क्षेत्र के गांव बुढ़ीना कलां में शुक्रवार की रात एक दुकानदार की गोली मार कर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका। पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया है।
गांव बुढ़ीना कलां निवासी अंकित (22) पुत्र समय सिंह शुक्रवार की रात अपनी दुकान पर बैठा था। पुलिस के मुताबिक करीब पौने ग्यारह बजे एक युवक आया और तमंचा सटाकर उसकी गर्दन में गोली मार दी और फरार हो गया। अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या से गांव में अफरा तफरी मच गई। परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने मामले की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसओ ने बताया कि हत्या क्यों की गई? कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजन भी किसी रंजिश से इंकार कर रहे है। पूछताछ के लिए चार युवकों को हिरासत में लिया गया है।