युवती की आत्महत्या प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज
चौसाना।
युवती ने प्रेम संबंधों में धोखा मिलने पर आत्महत्या की थी। युवती की मां ने मामले में दो युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। आरोपी दोनों युवक अपने घरों से फरार हो गए हैं।
चौसाना चौकी क्षेत्र के गांव निवासी युवती का गांव के ही बंटी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बंटी ने युवती के साथ शादी करने का झांसा दिया था। जब युवती ने शादी करने की बात कही, तो बंटी ने इंकार कर दिया। इसके अलावा बंटी का दोस्त भी युवती का उत्पीड़न करने में लग गए। धोखा होने पर युवती अवसाद में रहने लगी और तीन दिन पूर्व उसने जहर खाकर जान दे दी थी। पुलिस ने युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। वहीं, रविवार को युवती की मां ने आरोपी बंटी तथा उसके दोस्त जर्मन पुत्र शिवकुमार के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। चौसाना चौकी प्रभारी नेमचंद का कहना है कि आरोपी बंटी पुत्र जयकुमार और जर्मन पुत्र शिवकुमार के खिलाफ पीड़िता की मां की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों आरोपियों पर युवती को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप है। आरोपी अपने घरों से फरार हो गए हैं। गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।