शामली। विद्युत निगम के पूर्व एसएसओ का शव मेरठ-करनाल हाइवे पर गांव बुटराड़ी के पास एक जंगल में पेड़ से लटका मिला। आशंका जताई जा रही है कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुढ़ाना के मोहल्ला पठाना और हाल निवासी रेलपार संजय शर्मा (40) का शव मंगलवार की सुबह मेरठ-करनाल हाइवे पर बुटराड़ी में धर्मवीर की नलकूप पर एक पेड़ से लटका मिला। खेत में काम करने पहुंचे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस और लांक चौकी प्रभारी कर्मवीर सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। सूचना पर संजय शर्मा के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। एसआई कर्मवीर सिंह ने बताया कि संजय शर्मा विद्युत निगम में एसएसओ के पद पर था। बीस साल पूर्व वह दहेज हत्या के मामले में जेल चला गया था। अब वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रेलपार में रह रहा था। उधर, परिजनों के अनुसार वह कई दिनों से डिप्रेशन में था और सोमवार शाम को घर बाहर गया था। इसके बाद लौटा नहीं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही लग रहा है, लेकिन फिर भी हर बिंदु पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।