हत्या के आरोपी को जेल भेजा
थानाभवन। थानाभवन क्षेत्र के गांव मंटीहसनपुर निवासी मोहित की एक माह पूर्व हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर गांव की एक युवती के दो भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले में फरार चल रहे आरोपी रवि उर्फ हांडा पुत्र ऋषिपाल ने गत एक नवंबर को कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। पुलिस ने आरोपी हांडा को रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर हांडा के ही घेर में छिपाए गए आला-ए-कत्ल छुरी बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया।
रंगदारी मांगने वालों को पकड़ा
थानाभवन। जलालाबाद निवासी किराना व्यापारी आसिफ पुत्र मकसूद के फोन पर कुछ दिनों पूर्व किसी ने एक बदमाश के नाम से दो लाख रुपये की रंगदारी की मांग की थी। रंगदारी की सूचना से व्यापारियों में दहशत व्याप्त हो गई थी। पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात कर दिया था। शनिवार को पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर दो युवकों वसीम पुत्र तहसीन व दिलनवाज पुत्र इस्त्याक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
रेत के डंपर गुजरने पर किसान नाराज
कैराना। शासन ने खुरगान यमुना तटबंध के पास रेत खनन के तीन पट्टे आवंटित किए हुए है। शनिवार को गांव खुरगान के किसान आरिफ ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया कि हरियाणा जाने वाले रेत के डंपर उसकी जमीन के ऊपर से होकर गुजर रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया के रेत के डंपरों को दूसरे रास्ते से भेजने पर मामला शांत हो गया।