शामली रोड से वेल्डिंग मिस्त्री के अपहरण का मामला दूसरा निकला। पुलिस के अनुसार हरियाणा पुलिस मिस्त्री को उठाकर अपने साथ ले गई थी।
सोमवार शाम पांच बजे शामली रोड पर मनीष सिनेमा के पास स्थित वेल्डिंग की दुकान से दो कार सवार युवक वेल्डिंग मिस्त्री इनाम को उठा कर अपने साथ ले गए थे। वहीं, मिस्त्री के परिजनों ने कार सवार युवकों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पता चला कि मिस्त्री इनाम को हरियाणा के करनाल सदर थाने की पुलिस ले गईं। करनाल सदर थाने के एएसआई मंजीत सिंह ने फोन पर बताया कि उक्त आरोपी उनके थाना क्षेत्र में वेल्डिंग का काम करता था। आरोपी ने नई ट्राली बना कर देने के नाम पर कई लोगों से छह लाख रुपये ले लिए थे तथा उन्हे पुरानी ट्राली दे दी थी। इस पर उनके थाने में मुकदमा दर्ज है।
चेकिंग अभियान चलाया
कैराना। निकाय चुनाव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजय पाल शर्मा ने दुपहिया वाहनों की चेकिंग के कड़े निर्देश दिए थे। इस पर पुलिस ने कोतवाली गेट, कांधला तिराहा, पानीपत रोड पर सघन बाइक चेकिंग अभियान मंगलवार को भी जारी रखा। मंगलवार को पुलिस ने एक दर्जन बाइकों को सीज करने के साथ ही दर्जनों बाइकों के चालान कर दिए।
घर में घुसकर मारपीट की
कैराना। मंगलवार को गांव किशोरपुर निवासी जगपाल ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह सुबह के समय अपने घर पर बैठा हुआ था, तभी पुरानी रंजिश के चलते गांव निवासी दो आरोपियों ने घर में घुसकर हॉकी से उसके ऊपर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर उसके घर की अलमारी में रखी 10 हजार रुपये की नकदी भी निकाल ली। पुलिस ने घायल का मेडिकल करा कर तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी।