कन्नौज। शुक्रवार की देर रात स्वाट टीम के हाथ बड़ी सफलता लगी है। निकाय चुनाव के चलते अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान टीम ने तीन शातिर बदमाशों को दबोच लिया। इनके कब्जे से चार अवैध असलहे और कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक हरीश चंदर के निर्देश पर स्वाट टीम प्रभारी पप्पू सिंह ठैनुआ और तिर्वा कोतवाल अमर पाल सिंह ने शुक्रवार की रात अपराधियों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान धोवी घाट के पास पुलिस टीम ने कुछ संदिग्ध लोगों को देखा। नजदीक पहुंचने पर उन लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस टीम ने भी फायर किए और घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।
पकड़े गए बदमाशों की पहचान पिंटू उर्फ राजेश पुत्र हरिभान सिंह निवासी ककलापुर तिर्वा, हेमपाल पुत्र रामस्वरुप निवासी मेहारिया तिर्वा व घंटी उर्फ नीलू उर्फ देवेश पुत्र राम औतार उर्फ मुनई निवासी मुरैया तिर्वा के रूप में की गई। इस दौरान पुलिस ने पिंटू के कब्जे से दो अवैध तमंचे और दो कारतूस व हेमपाल और घंटी के कब्जे से एक-एक तमंचे व दो कारतूस बरामद किए। मंगलवार को पुलिस कार्यालय में खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गए बदमाश बेहद शातिर हैं। कई दिनों से जिले के कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी व लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। तिर्वा कोतवाली में तीनों पर दो-दो मुकदमें दर्ज है।