थानाभवन (शामली)।
गांव सोंता रसूलपुर में कबूतरबाजी को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। जमकर पथराव और फायरिंग होने से अफरातफरी मच गई। संघर्ष में कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भीड़ पर लाठियां फटकार कर तितर-बितर किया। पुलिस ने उत्पात मचाने वाले 41 लोगों को चिह्नित कर 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। 27 नामजद और 20 अज्ञात लोग फरार बताए गए हैं। दोनों पक्षों में पहले भी राशन दुकान व प्रधानी चुनाव को लेकर रंजिश चली आ रही थी। एहतियातन गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी तैनात कर दी गई है।
थानाभवन के गांव सोंता रसूलपुर निवासी मूसा, इस्लाम पुत्रगण अफसर अली व राशन डीलर सलीम पुत्र खुर्शीद के बीच प्रधानी चुनाव को लेकर विवाद चला आ रहा है। इसी के चलते एक पक्ष राशन डीलर की शिकायत करता रहता है। मंगलवार को एक पक्ष के बच्चे कबूतर उड़ा रहे थे, जिसमें दूसरे पक्ष के बच्चों ने कबूतर पकड़ लिया। दोनों में कहासुनी हो गई। हालांकि सायंकाल करीब सात बजे जब घटना की जानकारी परिजनों को लगी, तो दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। सलीम पक्ष अपनी छतों से व दूसरा पक्ष मकान के सामने स्थित अरबी मदरसे की छत पर चढ़कर एक दूसरे पर पथराव करते हुए फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के सामने ही उत्पाती आधा घंटे तक फायरिंग व पथराव करते रहे। सूचना पर मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी जगदीश शर्मा, सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी राजेश तिवारी, एसओ भवन प्रमोद कुमार सिंह थानाभवन, बाबरी, गढीपुख्ता आदि थानों की भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचें तथा लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर बितर कर दिया। फायरिंग व पथराव में घायल चार लोगों जान मोहम्मद पुत्र इजाद अली, अब्दुल रहीम उर्फ सोनू पुत्र इसरार, खुर्शीद पुत्र सद्दीक, इसरार पुत्र लियाकत को पुलिस ने थानाभवन स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया, जहां से चारों को मुजफ्फरनगर के लिए रेफर कर दिया गया है। उधर. पुलिस ने उत्पात मचा रहे 14 लोगों मूसा पुत्र अफसर, वकील पुत्र बशीर, सलीम पुत्र खुर्शीद, अनीस उर्फ निन्ना पुत्र सत्तार, मौसीन पुत्र मूसा, सदाकत पुत्र जुम्मा, नासिर पुत्र समीम, गुफरान बुंदू, अनस पुत्र नईम, दाउद पुत्र जुम्मा, शोएब पुत्र जाकिर, मोबीन पुत्र मनसब, आबाद पुत्र समीम व सलीम पुत्र वसीम को मौके से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि 41 नामजद व 15-20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मदरसे के बच्चे सहमे
पुलिस के मुताबिक हमलावरों की ओर से अवैध हथियारों व लाइसेंसी बंदूकों से कई राउंड फायरिंग और पथराव किया गया। फायरिंग के कारण घटनास्थल पर स्थित अरबी मदरसे में मौजूद बच्चों और ग्रामीणों में खौफ का माहौल है। घटना के बाद पुलिस में नामजदगी को लेकर 24 से अधिक लोग गांव से फरार हो गए। पुलिस टीम में एसआई जितेंद्र सिंह, एसआई अनिल तेवतिया, निरीक्षक बिजेंद्र सिंह, तनुज, पिंटू कुमार, संजीव कुमार, सुनील कुमार, मनोज कुमार, विक्रांत, कुलदीप कुमार, देवेंद्र कुमार आदि के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिशें डाली।