काबड़ौत के प्रधान का शांतिभंग में चालान
शामली। मुजफ्फरनगर बस अड्डे के पास स्थित शराब के ठेके पर सेल्समैन के साथ झगड़ा कर रहे चार लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। इनमें एक युवक काबड़ौत का वर्तमान ग्राम प्रधान भी है। पुलिस ने सभी का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
सोमवार की रात कोतवाली पुलिस की सूचना मिली कि मुजफ्फरनगर बस अड्डे पर हंगामा हो रहा है। चार लोग शराब ठेके के सेल्समैन के साथ मारपीट को उतारू हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और चारों आरोपियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह झगड़ा करने से बाज नहीं आए। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को सभी आरोपियों सुबोध, विजय, सन्नी और पुष्पेंद्र का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। इनमें से सुबोध गांव काबड़ौत का वर्तमान प्रधान है। कोतवाल जेएस कालरा के अनुसार चारों लोग शराब के ठेके पर झगड़ा कर थे, सभी को गिरफ्तार कर उनका चालान किया गया है।