बच्चे को फेंककर भाग गई महिला
कैराना। घर में प्रेमी संग बैठी एक महिला अपने पति के साथ मारपीट कर घर से फरार हो गई। आरोप है कि बच्चे को भी घर पर ही फेंक गई। पीड़ित ने कोतवाली पहुंच कर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
नगर के मोहल्ला निवासी एक युवक अपने साथ बच्चे को लेकर मंगलवार सुबह कोतवाली कैराना पहुंचा। युवक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह हरियाणा में राजमिस्त्री का काम करता है। उसकी गैर मौजूदगी में उसकी पत्नी का एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसके चलते उसका उसके घर पर आना-जाना लगा रहता था। मंगलवार को जब वह अपने घर पर पहुंचा, तो पत्नी को प्रेमी संग घर पर बैठा पाया। आरोप है कि पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी और घर में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद पत्नी प्रेमी के साथ बच्चे को भी घर पर ही फेंक गई। इसमें बच्चे के माथे पर चोट लग गयी। पीड़ित ने बताया कि लगभग तीन माह पूर्व भी उसकी पत्नी फरार हो गई थी, जिसको इज्जत के कारण वह घर पर ले आया था। डेढ वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।