शामली। गांव टिटौली निवासी दीपक ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह विद्युत निगम में संविदा पर मीटर लगाने का काम करता है। शनिवार की शाम वह शामली आया हुआ था। झिंझाना रोड पर बाइक रोककर दुकान पर सामान लेने लगा। इसी दौरान पीछे से आई बोलेरो में सवार आबकारी पुलिस के एक कांस्टेबल ने उसे बाइक हटाने के लिए कहा। आरोप है कि इसी दौरान दूसरा कांस्टेबल गाड़ी से बाहर निकला और उसे पीटना शुरू कर दिया। उसका पर्स भी छीन लिया। पीड़ित ने अधिकारियों को शिकायत करने की बात कही तो सिपाही ने तस्करी की शराब में जेल भेजने की धमकी दे दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उधर, मोहल्ला बड़ी आल बाजार निवासी यश ने कोतवाली में तहरीर दी कि वह अपने मोहल्ले में खेल रहा था। आरोप है कि मोहल्ला निवासी दूसरा युवक आया और उसके साथ मारपीट कर दी। जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली पुलिस की दबिश
शामली। जम्मू-कश्मीर से ट्रक में सेब भरकर मुंदरई तमिलनाडू के लिए चला चालक संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। इस मामले में दिल्ली में ट्रक चालक जितेंद्र के खिलाफ 20 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज करा दी। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो पता चला कि उसने सेब शामली निवासी एक व्यक्ति को तीन लाख में बेच दिया था। इसके बाद शुक्रवार को दिल्ली पुलिस शामली पहुंची और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।