शादी समारोह में शरीक होने जा रहे तीन युवकों का बस में सीट पर बैठने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इससे आक्रोशित कुछ लोगों ने तीनों को बस से नीचे उतारकर जमकर मारपीट की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार दोपहर के समय कैराना निवासी राशिद अपने दो अन्य साथियों के साथ दिल्ली निवासी अपने एक रिश्तेदार के यहां पर शादी समारोह में शरीक होने के लिए जा रहा था। पीड़ित के अनुसार वह कांधला से बस में सवार हुआ। बस में एलम निवासी चार लोग भी सवार हो लिए। उनमें से एक व्यक्ति ने राशिद को सीट से खड़ा होने के लिए कहा, लेकिन लंबे सफर का हवाला देते हुए राशिद ने सीट से खड़ा होने के लिए मना कर दिया, जिसमें दोनों के बीच में गालीगलौज व मारपीट हो गई। उस समय बस में सवार अन्य यात्रियों ने मामला शांत करा दिया। आरोप है कि एलम पहुंचने पर इन लोगों ने राशिद व अन्य को बस से नीचे खींच लिया और एलम बस स्टैंड से अपने अन्य साथियों को मदद के लिए पुकार लिया । करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों ने एक राय होकर राशिद व उसके साथियों पर हमला कर दिया। किसी तरह से भागकर पीड़ित ने हमलावरों से अपनी जान बचाई ओर पुलिस को मामले की सूचना दी। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।