थानाभवन (शामली)। जलालाबाद से लापता हुई चार छात्राओं में से एक के नाटकीय ढंग से घर लौटने के बाद पुलिस ने तीन छात्राओं को जयपुर से सकुशल बरामद कर लिया। छात्राओं की बरामदगी होने पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
थानाभवन क्षेत्र के कस्बा जलालाबाद के मोहल्ला करीमबख्श निवासी छात्रा फोजिया, मरियम पुत्री अनवर, शायना पुत्री शहजाद, सना पुत्री रशीद सोमवार को घर से स्कूल के लिए निकली थीं। स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी वह घर नहीं लौटी थीं। काफी तलाशने के बावजूद जब कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी। वहीं, मंगलवार को छात्रा मरियम नाटकीय ढंग से घर लौट आई थी, जबकि बाकी तीन छात्राएं नहीं लौटीं। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजयपाल शर्मा ने सीओ राजेश तिवारी तथा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह को निर्देश देकर पुलिस टीम का गठन कराया था, जिसमें एसआई जितेंद्र सिंह, एसआई संदीप कुमार, एसआई लविक त्यागी और महिला कांस्टेबल अमिता गौतम के नेतृत्व में अलग अलग टीम बनाकर मेरठ, गाजियाबाद व हरियाणा में भेजकर छात्राओं को तलाश कराने में लगाया था। वहीं, पुलिस ने घर लौटी छात्रा मरियम से बातचीत की, तो उसने बताया कि बाकी तीन छात्राओं ने उसे मेरठ से शामली के लिए बस में बैठा दिया था। वह तीनों छात्राएं मेरठ से बस में दिल्ली होते हुए जयपुर निकल गई।
पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजयपाल शर्मा ने बताया कि जयपुर में फोजिया ने बस में एक यात्री के मोबाइल से परिजनों को कॉल की। खुद को कश्मीर में होने की बात कही। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मोबाइल नंबर पर कॉल की। कॉल रिसीव करने वाले ने बताया कि उक्त छात्राएं राजस्थान रोडवेज की बस में सवार होकर जयपुर की ओर जा रही हैं। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने उक्त यात्री के जरिये बस चालक से बात की, जिसके बाद बस को निकट के पुलिस स्टेशन पर रोक कर छात्राओं को पुलिस को सौंपने के लिए कहा।
उधर, जयपुर पुलिस अधिकारियों से संपर्क होने पर बस में सवार छात्राओं को ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने उतार लिया और थानाभवन पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस टीम जयपुर पहुंची और तीनों छात्राओं को अपने साथ ले आई। पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा ने बताया कि छात्राएं घूमने के लिए परिजनों को बताए बगैर घर से निकल गई थीं। छात्राओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। छात्राओं को बरामद करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।
पड़ोसियों पर लगाया मारपीट का आरोप
थानाभवन। क्षेत्र के गांव गौसगढ़ निवासी ऋषिपाल की पत्नी मेमकला ने थाने में तहरीर देकर पड़ोसी राजेश, विक्रम पुत्र यशपाल, अंजू पुत्री यशपाल, सौरभ पुत्र राजेश पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।